शादी के एक साल बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष पहुंचा तो मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now
शादी के एक साल बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष पहुंचा तो मचा कोहराम


मीरजापुर, 06 जून (हि.स.)। हलिया थाना क्षेत्र के सिकटा गांव के अतरी मजरे में शनिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से गांव में सनसनी फैल गई। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे प्रयागराज जनपद के कोरांव स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और परिवार में कोहराम मच गया।

अतरी गांव निवासी नीरज की 21 वर्षीय पत्नी सविता की शनिवार दोपहर अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए कोरांव के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पड़ोसियों द्वारा सूचना दिए जाने पर सविता के पिता दिनेश वर्मा और माता सीमा देवी, जो बसहरा गांव के निवासी हैं, बेटी के ससुराल पहुंचे। बेटी का शव देखते ही माता-पिता बिलख पड़े। अचानक हुई मौत से परिवार के लोग स्तब्ध रह गए और घर में मातम छा गया। मृतका के पिता दिनेश वर्मा ने बताया कि सविता की शादी लगभग एक वर्ष एक माह पूर्व हुई थी। बेटी की अचानक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

थाना प्रभारी हलिया राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विवाहिता की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story