पति व सास की प्रताड़ना से तंग विवाहिता ने जहर खाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now

औरैया, 18 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र के जालौन चौराहा निवासी एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में विषैला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मृतका की मां ने पति और सास पर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फफूंद थाना क्षेत्र के पाता पड़रिया निवासी द्रोपदी पत्नी स्वर्गीय जगराम दोहरे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब 10 वर्ष पहले उन्होंने अपनी पुत्री अनीता देवी का विवाह जालौन चौराहा निवासी राजेश पुत्र बाबूराम से किया था। राजेश हलवाई का काम करता है। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं।

आरोप है कि पिछले कुछ समय से राजेश और उसकी मां शकुंतला देवी अनीता को आए दिन प्रताड़ित करते थे। दोनों उसके साथ मारपीट कर धमकाते थे। तहरीर के अनुसार, घटना वाले दिन भी पति ने मारपीट कर अनीता और बच्चों को मायके छोड़ दिया। कुछ देर बाद अनीता की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज चिचैली ले गए, जहां से गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

परिजनों के अनुसार, सैफई में चिकित्सकों ने बताया कि अनीता ने विषैला पदार्थ खाया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका की मां का आरोप है कि पति और सास की लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी पुत्री ने यह कदम उठाया। सदर कोतवाली प्रभारी ने शनिवार काे बताया कि पति राजेश और सास शकुंतला देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story