मीरजापुर : धुंधी कटरा बाजार में बनी दुकानों में लगी आग, चार घंटे तक आग बुझाते रहे अग्निशमन कर्मी

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : धुंधी कटरा बाजार में बनी दुकानों में लगी आग, चार घंटे तक आग बुझाते रहे अग्निशमन कर्मी


मीरजापुर, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में गुरुवार की सुबह नगर के धुंधी कटरा बाजार में अचानक धुएं और आग की लपटों से घिर गया। देखते ही देखते एक दुकान से उठी आग ने आसपास के प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। भीषण आग देख बाजार में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई और दुकानदार अपने सामान को बचाने के लिए जान जोखिम में डालकर भाग-दौड़ करते नजर आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आसमान में उठता काला धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग इतनी भीषण थी कि घंटों की मशक्कत के बाद भी उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।

दुकानदार शैलेंद्र ने बताया कि अचानक दुकान से धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटों की तीव्रता के आगे प्रयास नाकाफी साबित हुए। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर बाजार के आसपास बैरिकेडिंग कर आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी और काफी देर तक दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए जुटे रहे। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

आग की जानकारी मिलते ही नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित व्यापारियों से बातचीत कर नुकसान का जायजा लिया तथा राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने व्यापारियों से अपनी दुकानों का बीमा कराने की अपील करते हुए कहा कि ऐसी आपदाओं के समय बीमा आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बन सकता है।

वहीं नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story