वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर पीएसी, जल पुलिस और एनडीआरएफ ने किया मॉक ड्रिल
वाराणसी, 24 जुलाई (हि. स.)। सावन माह की तैयारियों के बीच शुक्रवार को 36 वीं वाहिनी पीएसी, जल पुलिस और एनडीआरएफ ने संयुक्त रूप से दशाश्वमेध घाट पर आगंतुक श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मॉक ड्रिल किया। मॉक ड्रिल में टीमों ने मोटर बोट, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, रेस्क्यू रोप और आधुनिक लाइफ सेविंग उपकरणों के उपयोग करते हुए बचाव कार्य करने का अभ्यास किया।
36 वीं वाहिनी पीएसी के कमांडेंट डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सावन के महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के वाराणसी आने की उम्मीद है और माना जा रहा है कि श्रद्धालुओं द्वारा गंगा में स्नान किया जाएगा। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पहले से संयुक्त रूप से अभ्यास किया गया है, जिससे हम अपने बचाव कर्मियों को पूरी तरह से चुस्त-दुरुस्त और सक्रिय कर सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / शरद

