बाढ़ के पानी में पुल पार कर रहे अधेड़ को तेज धारा ने खींचा, कर्णावती नदी में लापता

WhatsApp Channel Join Now
बाढ़ के पानी में पुल पार कर रहे अधेड़ को तेज धारा ने खींचा, कर्णावती नदी में लापता


- बाइक छोड़कर साथी के साथ पैदल पार कर रहे थे नदी, रेलिंग छोड़ते ही बह गए अशफाक अहमद; एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

मीरजापुर, 18 अगस्त (हि.स.)। विंध्याचल थाना क्षेत्र के विजयपुर गांव के तुर्कान मोहल्ले में मंगलवार शाम उस समय अफरातफरी मच गई, जब कर्णावती नदी के बाढ़ के पानी में पुल पार कर रहे 52 वर्षीय अशफाक अहमद अचानक तेज धारा में बह गए। ग्रामीणों और पुलिस ने काफी तलाश की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

विजयपुर गांव निवासी अशफाक अहमद मंगलवार को अपने मोहल्ले के साथी गुड्डे अहमद के साथ बिहसड़ा से लौट रहे थे। विजयपुर के पास कर्णावती नदी पर बने पुल पर बाढ़ का पानी होने के कारण दोनों ने अपनी बाइक पांडेयपुर गांव के पास खड़ी कर दी। इसके बाद दोनों पैदल ही पुल पार करने लगे।

बताया गया कि दोनों किसी तरह पुल पार कर रहे थे। पुल पार करने के बाद जैसे ही अशफाक ने रेलिंग का सहारा छोड़ा, वह तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते नदी की धारा में बह गए। साथी गुड्डे अहमद ने शोर मचाकर मदद के लिए लोगों को बुलाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में अशफाक की तलाश शुरू कर दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। काफी प्रयास के बाद भी अशफाक का पता नहीं चल सका। इसके बाद एसडीआरएफ टीम को बुलाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। टीम ने नदी में काफी दूर तक तलाश की, लेकिन तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण अभियान में सफलता नहीं मिल सकी।

थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि अशफाक अहमद के नदी में बहने की सूचना मिली थी। एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तलाश की, लेकिन तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। बुधवार को दोबारा तलाश अभियान चलाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story