कर्ज से परेशान व्यक्ति ने गंगा में लगाई छलांग, नाविकों ने बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
कर्ज से परेशान व्यक्ति ने गंगा में लगाई छलांग, नाविकों ने बचाई जान


मीरजापुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। जनपद के शास्त्री ब्रिज से गंगा नदी में बुधवार काे एक व्यक्ति ने छलांग लगा दी।माैके पर माैजूद नाविकाें ने उसे बचाया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। व्यक्ति ने इलाज के लिए लिए गए 50 हजार रुपये के कर्ज के दबाव में आकर यह कदम उठाया।

थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि भदोही जनपद के ज्ञानपुर थाना क्षेत्र के फौदीपुर गांव निवासी 42 वर्षीय राकेश कुमार प्रजापति बुधवार काे साइकिल से मीरजापुर-औराई मार्ग स्थित शास्त्री ब्रिज पर पहुंचा। साइकिल खड़ी करके वह अचानक नदी में कूद गया। उसे पानी में गिरते देख राहगीरों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय नाविकों व मछुआरों की मदद से युवक को बाहर निकलवाया। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चील्ह में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पूछताछ में उसने बताया कि वह कालीन बुनाई का काम करता है और इलाज के लिए लिए गए 50 हजार रुपये के कर्ज के दबाव में यह कदम उठाया।

सूचना मिलने पर उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वाराणसी में इलाज चल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story