सब्जी लेकर घर लौट रहे वृद्ध को बाइक ने मारी टक्कर, अस्पताल में मौत
मीरजापुर, 04 जून (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के विशनपुरा गांव के पास मीरजापुर-सोनभद्र मार्ग पर गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई। सड़क पार कर घर लौट रहे वृद्ध को पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल वृद्ध ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
विशनपुरा गांव निवासी 63 वर्षीय रामपाल रात करीब आठ बजे बाजार से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वृद्ध सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची राजगढ़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

