नहर में स्नान के दौरान अधेड़ की डूबने से मौत

WhatsApp Channel Join Now
नहर में स्नान के दौरान अधेड़ की डूबने से मौत


मीरजापुर, 22 मई (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के चेरुईराम गांव स्थित बाणसागर नहर में शुक्रवार दोपहर स्नान के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में अधेड़ की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

चेरुईराम गांव निवासी 57 वर्षीय शेरु सरोज घर से करीब दो सौ मीटर दूर स्थित बाणसागर नहर में स्नान करने गए थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में निकले। खोजबीन के दौरान शेरु नहर में अचेत अवस्था में पड़े मिले।

परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज ले गए, जहां चिकित्सक डॉ. योगेश दुबे और डॉ. पंकज ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक अपने पीछे चार पुत्रियां और तीन पुत्र छोड़ गए हैं। परिवार में चीख-पुकार मची रही।

सूचना पर पहुंचे उपनिरीक्षक बजरंगबली चौबे ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story