ट्रेन की चपेट में आकर अधेड़ की मौत, शिनाख्त में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेन की चपेट में आकर अधेड़ की मौत, शिनाख्त में जुटी पुलिस


मीरजापुर, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के विन्ध्याचल थाना क्षेत्र के अष्टभुजा चौकी अंतर्गत बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना भटेवरा गेट के आगे रेलवे ट्रैक पर खंभा संख्या 753/20 के पास की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डाउन ट्रेन संख्या 12394 के गुजरने के दौरान व्यक्ति अचानक ट्रैक पर आने से ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। विंध्याचल थाना प्रभारी अविनाश राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। साथ ही पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story