मीरजापुर : बारिश में घर लौट रहा युवक पैर फिसलने से कुएं में गिरा, मौत

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर :  बारिश में घर लौट रहा युवक पैर फिसलने से कुएं में गिरा, मौत


मीरजापुर, 12 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के हलिया थाना क्षेत्र के कुसियरा गांव में शुक्रवार रात सिवान में बने बिना जगत के कुएं में गिरने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

कुसियरा गांव निवासी पवन कुमार कोल किसी काम से सिवान की ओर गया था। इसी दौरान गरज-चमक के साथ बारिश शुरू होने पर वह घर की ओर लौट रहा था। सिवान में निष्प्रयोज्य कुआं होने के साथ उसकी जगत भी नहीं बनी थी। कुएं के बगल से गुजरते समय अचानक पैर फिसलने से पवन गहरे कुएं में जा गिरा।

जानकारी होने पर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और रस्सी के सहारे उसे कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का दाह संस्कार कर दिया। मृतक के पिता गंगा ने बताया कि गांव लौटते समय कुएं में पैर फिसलने से उनके पुत्र की मौत हुई।

पूर्व प्रधान सुक्खी चंद सिंह ने बताया कि कुएं से कोई पानी नहीं लेता है। बस्ती से दूर होने के कारण यह लंबे समय से अनुपयोगी है और इसकी जगत भी नहीं बनी है। थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना के संबंध में परिजन की ओर से पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story