भाइयों के झगड़े में बीच-बचाव करने गए वृद्ध की पोल से टकराकर मौत

WhatsApp Channel Join Now
भाइयों के झगड़े में बीच-बचाव करने गए वृद्ध की पोल से टकराकर मौत


- शराब के नशे में विवाद कर रहे थे दोनों भाई, एक हिरासत में, दूसरा फरार

मीरजापुर, 14 सितंबर (हि.स.)। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के बंजारी कलां गांव में सोमवार देर शाम शराब के नशे में आपस में झगड़ रहे दो भाइयों के बीच-बचाव में पहुंचे वृद्ध की बिजली के खंभे से सिर टकराने से मौत हो गई। घटना के बाद एक भाई मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने दूसरे को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया कि बंजारी कलां गांव निवासी कमलाशंकर उर्फ अमल कोल और उसका छोटा भाई रत्नेश उर्फ लोहा सोमवार शाम शराब के नशे में गांव की एक दुकान पर गुटखा खरीदने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हो गया और मारपीट होने लगी। शोर सुनकर पास में मौजूद गांव निवासी 70 वर्षीय हीरा कोल दोनों के बीच-बचाव के लिए पहुंचे।

इसी दौरान एक भाई का हाथ लगने से हीरा कोल संतुलन खो बैठे और पास में लगे बिजली के खंभे से सिर टकरा गया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रत्नेश मौके से भाग निकला, जबकि पुलिस ने कमलाशंकर को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक कृपाशंकर यादव और पुनीत कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे और जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सीओ लालगंज अमर बहादुर ने बताया कि शराब के नशे में विवाद कर रहे दो भाइयों के बीच बचाव करने पहुंचे वृद्ध को एक भाई का हाथ लग गया, जिससे वह बिजली के खंभे से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। परिजन फिलहाल कार्रवाई नहीं चाहते हैं। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story