ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, दर्शन कर लौट रहा था घर

WhatsApp Channel Join Now
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, दर्शन कर लौट रहा था घर


मीरजापुर, 28 मई (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर गांव के पास गुरुवार शाम ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची राजगढ़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार चंदौली जनपद के लालतापुर गांव निवासी विक्रमा (45) पुत्र रामबरन परमहंस आश्रम सक्तेशगढ़ में दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद वह पैदल लूसा स्टेशन ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। इसी दौरान राजगढ़ थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर बैठ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थानीय लोगों ने अधेड़ को रेलवे लाइन से हटने के लिए कहा, लेकिन वह वहीं बैठा रहा। कुछ देर बाद ट्रेन आ गई, जिसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मालगाड़ी के चालक ने घटना की सूचना लूसा रेलवे स्टेशन अधीक्षक को दी। इसके बाद उप स्टेशन अधीक्षक हरिराम की सूचना पर राजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव की तलाशी ली तो युवक की जेब से मिले कटे-फटे आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान विक्रमा पुत्र रामबरन निवासी लालतापुर, जनपद चंदौली के रूप में हुई।

पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजन को दे दी। परिजन ने बताया कि विक्रमा पहले भी कई बार परमहंस आश्रम सक्तेशगढ़ दर्शन करने जा चुका था।

इस संबंध में राजगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि ट्रेन से कटकर युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story