घरेलू विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान
मीरजापुर, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में लालगंज थाना क्षेत्र के दुबार कलां चौकी अंतर्गत गड़बड़ कलां गांव में घरेलू विवाद से क्षुब्ध 28 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
गड़बड़ कलां गांव निवासी दिनेश कोल (28) पुत्र रामप्रसाद कोल ने बुधवार देर रात कच्चे मकान में बांस के सहारे गमछे का फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी होने पर परिजन आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर बचाने का प्रयास किए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों के अनुसार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद युवक ने यह कदम उठा लिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही दुबार कलां चौकी प्रभारी कुंवर मनोज कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।
चौकी प्रभारी कुंवर ने बताया कि युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

