युवक ने फांसी लगाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now
युवक ने फांसी लगाकर दी जान


मीरजापुर, 14 सितंबर (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के अमहवा गांव में रविवार की रात 24 वर्षीय युवक ने घर के कमरे में छत के पंखे से साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। सोमवार सुबह घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

धनसीरिया ग्राम पंचायत के अमहवा गांव निवासी अभिनंदन रविवार रात भोजन करने के बाद कमरे में सोने चला गया। घर के सभी सदस्यों के सो जाने के बाद उसने पंखे के सहारे साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिजन उसे जगाने पहुंचे। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

परिजनों के अनुसार अभिनंदन की करीब तीन वर्ष पहले वाराणसी के राजातालाब क्षेत्र निवासी युवती से शादी हुई थी। दंपती की एक बेटी है। पत्नी करीब चार माह से मायके में रह रही थी। परिजनों ने बताया कि तीन दिन पहले अभिनंदन पत्नी को लेने उसके मायके गया था, लेकिन वह उसके साथ नहीं आई। इसके बाद वह रविवार सुबह अकेले घर लौट आया था। उसी रात उसने यह कदम उठा लिया।

राजगढ़ थाना प्रभारी बालमुकुंद मिश्रा ने बताया कि युवक की फांसी लगाने से मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story