मीरजापुर में फांसी लगा कर युवक व विवाहिता ने दी जान, परिवारों में मचा कोहराम

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर में फांसी लगा कर युवक व विवाहिता ने दी जान, परिवारों में मचा कोहराम


मीरजापुर, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले के अहरौरा और लालगंज थाना क्षेत्रों में फांसी लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक और एक विवाहिता की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।

अहरौरा नगर पालिका क्षेत्र के बूढ़ादेई मोहल्ले में मंगलवार देर रात 25 वर्षीय अब्दुल कयूम उर्फ रहीम ने अपने ससुराल की छत पर बने पिलर में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि मृतक के पिता अब्दुल करीम की तहरीर पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अब्दुल कयूम ने चार वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था और पत्नी के साथ ससुराल में रहकर ड्राइविंग कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी तीन वर्ष की एक बेटी है। घटना के कारणों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

वहीं लालगंज थाना क्षेत्र के गंगहरा कला गांव में 23 वर्षीय गंगोत्री देवी का शव बुधवार तड़के घर में फांसी के फंदे से लटकता मिला। पति सत्यदेव पाल और परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि चार वर्ष पूर्व हुई शादी के बाद संतान न होने से विवाहिता मानसिक रूप से परेशान रहती थी और उसका उपचार भी चल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मायके पक्ष की मौजूदगी में पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story