जिलाधिकारी ने स्कूल वाहनों की जांच और फिटनेस को लेकर की बैठक, दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने स्कूल वाहनों की जांच और फिटनेस को लेकर की बैठक, दिए निर्देश


महोबा, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तरप्रदेश के महोबा में गुरुवार को जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को ओवर लोडिंग के खिलाफ अभियान चलाने और मुख्य मार्गों से अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 15 दिनों तक अलर्ट मोड रहकर सड़क संबंधित कमियों को समय से पूरा करने के लिए निर्देशित किया है।

गुरुवार को जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति के बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि स्कूलों की जिन गाडियों की फिटनेस बीमा की वैद्यता समाप्त हो गयी है, उनका नवीनीकरण शीघ्रता से पूर्ण कराया जाये। बिना फिटनेस और बीमा के कोई भी वाहन विद्यालय में न रहें एवं किसी भी दशा में उन वाहनों का संचालन न किया जाये।

मार्गो में झाडियों काे हटवाये जाने के लिए लोक निर्माण विभाग, एनएच , एनएचएआई और नगर पालिका परिषद को निर्देशित किया । बैठक में लोक निर्माण विभाग एवं नगर पालिका परिषद को दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में अभियान चलाकर साईनेज बोर्ड , रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड लगवायें जाने के निर्देश दिए। और राठ रोड पर स्थित संत निरकारी भवन के पास रम्बल स्ट्रिप टेबल टोप का निर्माण कराया जाने के लिए एनएच झाँसी को निर्देशित किया।

जिलाधिकारी ने सदर उपजिलाधिकारी को राठ चुंगी तिराहे पर स्थित अवैध अतिक्रमण हटवाने एवं तिराहे के सौन्दर्गीकरण का प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश दिए।खनिज विभाग से विगत 05 वर्षों में खनिज न्यास निधि से बनी सड़काें का हस्तानांतरण की स्थिति से अवगत कराने के लिए निर्देशित किया है।

एआरटीओ विभाग को ओवर लोडिंग के लक्ष्य के सापेक्ष चालानों में प्राप्त राजस्व की रिपोर्ट उपलब्ध कराने और नगर पालिका परिषद एवं उपजिलाधिकारी को रामकथा मार्ग तिराहे पर मार्ग के चौडीकरण हेतु निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने एनएच झाँसी को कुलपहाड़ से पनवाड़ी के मध्य जमाला मोड़ पर अन्धे मोड़ का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही हेतु रिपोर्ट उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खण्ड के अधिशासी अभियन्ता को झलकारी बाई तिराहे से परमानन्द तिराहे के मध्य निर्माणाधीन सड़क निर्माण का कार्य तीव्र गति से पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में एसपी शशांक सिंह, अपर जिलाधिकारी कुंवर पंकज, उपजिलाधिकारी सदर ,चरखारी एवं कुलपहाड़ , लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियन्ता, यात्री कर अधिकारी परिवहन विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अवर अभियन्ता, एनएच, लोक निर्माण विभाग झाँसी समेत अन्य मौजूद रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story