महोबा में कुंए की सफाई करते समय 50 से ज्यादा बिजली मीटर मिले, विभाग करेगा जांच
महोबा, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद मुख्यालय में एक पुराने कुएं की सफाई के दौरान कुएं से सिल्ट के साथ- साथ बिजली विभाग के मीटर निकलने से लोग हैरत में हैं। कुएं से एक दो नहीं बल्कि लगभग 50 से ज्यादा पुराने मीटर निकले हैं , जिसको लेकर विद्युत विभाग की कार्यशैली पर लोग सवाल उठा रहे हैं। मीटर विभाग के अधिशाषी अभियंता गौरव प्रकाश ने बताया कि नियम के अनुसार मीटर बदलने के बाद पुराने मीटर को स्टोर में जमा कराया जाता है। अगर कुएं से मीटर बरामद हुए हैं तो मामले की जांच करा कर कार्रवाई की जाएगी।
महोबा जनपद मुख्यालय के मुहाल बड़ीहाट के सभासद प्रतिनिधि बृजेंद्र कुमार ने मंगलवार को बताया कि द्वारा मुहाल में बने पुराने भौंरा कुआं की साफ सफाई कर वर्षों से जमा कचरा बाहर निकाला जा रहा था। कुआं से सिल्ट के साथ ही बिजली के मीटर भी निकलने लगे। मीटर देख काम कर रहे सफाई कर्मियों की आँखें दंग रह गईं। सफाई कर्मियों ने कुआं से मीटर एक दो नहीं बल्कि लगभग आधा सैकड़ा से अधिक संख्या में मीटर बाहर निकाले हैं।
भारी संख्या में कुएं से मीटर बाहर निकलने पर बिजली विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों के मन में यह सवाल बना हुआ है कि ये मीटर इतनी बड़ी संख्या में कुआं में कैसे पहुंचे । तो वहीं मुहाल के वाशिंदे अमित, मुकेश, राममनोहर, आनंद, दिनेश आदि ने विभागीय अधिकारियों और कर्मियों पर भ्रष्टाचार कर मीटरों को कुएं में फेंकने का आरोप लगा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

