महोबा : ऐतिहासिक मदन सागर तालाब के संरक्षण के लिए जिलाधिकारी साैंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
महोबा : ऐतिहासिक मदन सागर तालाब के संरक्षण के लिए जिलाधिकारी साैंपा ज्ञापन


महोबा, 16 सितंबर (हि.स.)। यूपी के महोबा में चंदेल कालीन ऐतिहासिक मदन सागर तालाब के संरक्षण, सफाई और पुनरुद्धार को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता राहुल अग्रवाल ने जिलाधिकारी गजल भारद्वाज को पत्र सौंपा है। उन्होंने बुधवार को 'राष्ट्रीय जलीय पारिस्थितिकी तंत्र संरक्षण योजना' एनपीसीए के अंतर्गत डीपीआर तैयार कराकर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की मांग की है।

बुधवार को जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज को मांग पत्र सौंपते हुए भाजपा नेता राहुल अग्रवाल ने बताया कि मदन सागर तालाब जनपद की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जल संरक्षण विरासत का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह तालाब न केवल शहर के भूजल स्तर को बनाए रखने का मुख्य स्रोत है, बल्कि स्थानीय जीव-जंतुओं और पर्यावरण संतुलन के लिए भी जीवनदायिनी है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह ऐतिहासिक धरोहर उपेक्षा, अत्यधिक गाद, जलकुंभी और शहर के गंदे पानी (सीवेज) के अनियंत्रित बहाव के कारण अपना अस्तित्व खो रही है। तालाब का जल प्रदूषित हो चुका है, जिससे इसका पारिस्थितिकी तंत्र पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा 'राष्ट्रीय जलीय पारिस्थितिकी तंत्र संरक्षण योजना' संचालित की जा रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य देश की महत्वपूर्ण झीलों और तालाबों का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण करना है।

उन्होंने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि मदन सागर के पुनरुद्धार, गाद निकालने, जलकुंभी हटाने, और चारों तरफ पिचिंग व सौंदर्यीकरण के लिए सिंचाई एवं संबद्ध विभाग से डीपीआर तैयार करवाई जाए। और शहर के नालों का दूषित पानी तालाब में गिरने से रोकने के लिए इसमें सीवेज ट्रीटमेंट या प्राकृतिक संवर्धन की योजना शामिल की जाए। इसके साथ ही इस तैयार डीपीआर को उत्तर प्रदेश राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरण के माध्यम से केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय को वित्तीय स्वीकृति हेतु भिजवाने की संस्तुति करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story