महाेबा: ऐतिहासिक कजली मेला महोत्सव 29 अगस्त से , अफसराें ने किया स्थलीय निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
महाेबा: ऐतिहासिक कजली मेला महोत्सव 29 अगस्त से , अफसराें ने किया स्थलीय निरीक्षण


महाेबा: ऐतिहासिक कजली मेला महोत्सव 29 अगस्त से , अफसराें ने किया स्थलीय निरीक्षण


महोबा, 06 अगस्त (हि.स.)। वीरभूमि के नाम से विख्यात उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में ऐतिहासिक कजली महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह एवं सदर एसडीएम शिवध्यान पांडेय द्वारा महोत्सव के दृष्टिगत जनपदीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। यह मेला 29 अगस्त से शुरु हाेगा और 15 दिन चलेगा। इस दाैरान शाेभा यात्रा, साहित्यिक आयाेजन किए जाएंगे।

जनपद मुख्यालय स्थित कीरत सागर सरोवर के तटबंध पर लगने वाले ऐतिहासिक कजली महोत्सव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। गुरुवार को मेला स्थल का निरीक्षण कर एएसपी वंदना सिंह ने मेला परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने हेतु दुकानों के बीच मार्गों को पर्याप्त चौड़ा रखने तथा मेला परिसर के अंदर वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रखने और साथ ही वैकल्पिक पार्किंग स्थलों एवं रूट डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को निर्देशित किया।

समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश

अधिकारियों द्वारा मेला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा समुचित समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।साथ ही महिला सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल एवं हेल्प डेस्क की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया गया है।

सुरक्षा में चूक नहीं होगी बर्दाश्त

इस दौरान अधिकारियों द्वारा स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि मेला के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से पूर्ण किया जाए, जिससे जनपद महोबा का यह ऐतिहासिक कजली मेला सकुशल एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story