जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की जानकारी की साझा

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की जानकारी की साझा


महोबा, 01 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद महोबा में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में आयाेजित बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण तथा नए मतदेय स्थल स्थापित करने हेतु निर्धारित समय-सारणी से अवगत कराया। साथ ही उपजिलाधिकारियों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों की संकलित सूची एवं संख्यात्मक सूचना भी उपलब्ध कराई गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के तहत 24 जून से 28 जून तक भवनों का चिन्हांकन एवं सत्यापन किया गया। 29 जून से 1 जुलाई तक राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार की जाएगी। 4 जुलाई को आलेख्य सूची का प्रकाशन एवं आपत्ति-सुझाव प्राप्त किए जाएंगे । 18 जुलाई तक शिकायत एवं सुझावो के निस्तारण के बाद अंतिम सूची तैयार की जाएगी। इसके उपरांत 25, 27 एवं 28 जुलाई को प्रस्ताव आयोग के अनुमोदनाथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजा जाएगा । 31 जुलाई तक आयोग को अनुमोदन हेतु प्रेषित किया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ग़ज़ल भारद्वाज ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे मतदेय स्थलों के संबंध में अपने सुझाव एवं आपत्तियाँ निर्धारित समय सीमा के भीतर लिखित रूप में उपलब्ध कराएँ, ताकि पारदर्शी एवं सुचारु प्रक्रिया के तहत अंतिम सूची तैयार की जा सके। बैठक में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ समस्त उपजिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story