जिलाधिकारी ने डूडा कार्यालय का किया निरीक्षण, आईजीआरएस के 10 शिकायतकर्ताओं से रोज लिया जा रहा फीडबैक

WhatsApp Channel Join Now
जिलाधिकारी ने डूडा कार्यालय का किया निरीक्षण, आईजीआरएस के 10 शिकायतकर्ताओं से रोज लिया जा रहा फीडबैक


जिलाधिकारी ने डूडा कार्यालय का किया निरीक्षण, आईजीआरएस के 10 शिकायतकर्ताओं से रोज लिया जा रहा फीडबैक


महोबा, 11 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद महोबा जिले में आइजीआरएस के निस्तारण में असंतुष्ट फीडबैक मिलने के आधार पर जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने गुरुवार को जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यालय की उपस्थिति पंजिका, अभिलेखों के रख-रखाव, विभिन्न योजनाओं की प्रगति तथा आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं का जायजा लिया। लापरवाही मिलने पर परियोजना अधिकारी डूडा का वेतन रोकने के निर्देश दिए ।

जिलाधिकारी गजल भारद्वाज द्वारा जिले में आइ.जी.आर. एस में प्राप्त शिकायतों में से प्रतिदिन 10 शिकायतकर्ताओं से बात कर फीडबैक लिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्वच्छ भारत मिशन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन सहित अन्य संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और लाभार्थियों को समय से लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों की जानकारी हासिल कर संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। कार्यों में शिथिलता को लेकर परियोजना अधिकारी डूडा का वेतन रोकते हुए शिकायतकर्ता से स्वयं बात कर समस्या का वास्तविक निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

Share this story