महोबा भाजपा जिला अध्यक्ष पर लगे आरोपों की हाेगी जांच, क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बनायी दो सदस्यीय जांच समिति

WhatsApp Channel Join Now

तीन दिन में रिपाेर्ट देगी जांच समिति

महोबा, 27 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने सोमवार को महोबा की भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई में पूर्व जिला मंत्री दीपाली तिवारी की ओर से जिला अध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा पर लगे आरोपों की जांच के लिए दो सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी है। इसमें कमलावती सिंह अध्यक्ष महिला कल्याण निगम एवं प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा और संत विलाश शिवहरे क्षेत्रीय महामंत्री भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र को शामिल किया है। जांच समिति सभी तथ्यों की जांच और बयान दर्ज कर तीन दिनों में अपनी रिपोर्ट क्षेत्रीय अध्यक्ष को सौंपेगी। इसके बाद पार्टी फैसला करेगी।

उल्लेखनीय है कि महोबा में भाजपा की जिला कार्यसमिति की घोषणा के बाद से ही विवाद चल रहा है। निवर्तमान कार्यकारिणी में जिला मंत्री रहीं दीपाली तिवारी ने वर्तमान जिला अध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा पर कई गंभीर आरोप लगाये हैं। सोशल मीडिया पर लाइव आकर लगाए गए इन गंभीर आरोपों में एक आरोप है कि बड़ा पद देने के बदले उन्होंने अनैतिक मांग की है। उन्हाेंने अन्य पदाधिकारियाें पर भी उक्त अनैतिक मांग पूरी करने के लिए दबाव डालने का आराेप लगाया है। हालांकि जिला अध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि फोन की कॉल डिटेल निकाल कर सत्यता की जांच की जा सकती है। उन्हाेंने मीडिया से चर्चा में कहा कि साेशल मीडिया में लगाये जा रहे सभी आराेप बेबुनियाद हैं और यह छवि खराब करने के लिए किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करे और दाेषी काे दंडित करे। बहरहाल अब यह विवाद पार्टी के बडे़ नेताओं तक पहुंच गया है और माना जा रहा है कि इस मामले में पार्टी कडी कार्रवाई करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

Share this story