महारानी लक्ष्मीबाई की 191वीं जयंती की पूर्व संध्या पर जन्मस्थली भदैनी में हुआ दीपदान
——वेदपाठी बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार से की वीरांगना की स्तुति, दो दिवसीय समारोह का हुआ शुभारंभ
वाराणसी, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी की वीर बेटी और 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महानायिका महारानी लक्ष्मीबाई (मनु) की 191वीं जयंती की पूर्व संध्या पर बुधवार शाम उनकी जन्मस्थली भदैनी स्थित स्मारक स्थल दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। इस अवसर पर दीपदान कर वीरांगना को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महारानी लक्ष्मीबाई जन्मस्थान स्मारक समिति, सनबीम एकेडमी और जागृति फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय समारोह का शुभारंभ दीपदान के साथ हुआ।
कार्यक्रम में एकेडमी के सीईओ रोहन मधोक और फाउंडेशन के महासचिव रामयश मिश्र ने संयुक्त रूप से वीरांगना की स्मृति में प्रथम दीप प्रज्ज्वलित किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने दीप जलाकर महारानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। बालिकाओं ने दुर्गा वाहिनी का स्वरूप धारण कर दीप प्रज्ज्वलित किए और वीरांगना को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
समारोह में मारवाड़ी सेवासंघ संस्कृत उच्चतर विद्यालय के वेदपाठी बटुकों ने वैदिक मंत्रों के सस्वर पाठ के साथ महारानी लक्ष्मीबाई की स्तुति की। मंत्रोच्चार और दीपों की जगमगाहट से पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत हो उठा।
इस अवसर पर रोहन मधोक ने कहा कि 'खूब लड़ी मर्दानी, वह तो झांसी वाली रानी थी' की अमर पंक्तियां आज भी हर भारतीय के हृदय में वीरता और राष्ट्रप्रेम का संचार करती हैं। उन्होंने कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई काशी की बेटी थीं। ऐसे में उनकी जन्मभूमि के लोगों का दायित्व है कि वे अपनी इस वीर बेटी के अदम्य साहस और बलिदान को याद करें तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करें।
जन्मस्थान स्मारक समिति के विश्वनाथ यादव ने कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई ने स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजी हुकूमत को कड़ी चुनौती दी और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी जयंती की पूर्व संध्या पर दीपदान के माध्यम से पूरा समाज उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
जनसंघ के राघवेंद्र पांडेय ने कहा कि यह काशीवासियों के लिए गर्व की बात है कि महारानी लक्ष्मीबाई का जन्म उनके मोहल्ले में हुआ था। वहीं, राजेश्वर त्रिपाठी ने कहा कि वीरांगना ने अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपना सर्वस्व बलिदान कर देश की आजादी की लड़ाई में अमूल्य योगदान दिया।
समाजसेवी धीरज कुमार मिश्र ने कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई की जन्मस्थली का और अधिक व्यापक स्तर पर सुंदरीकरण कराया जाना चाहिए, ताकि यह स्थल राष्ट्रीय गौरव और प्रेरणा के केंद्र के रूप में विकसित हो सके। वहीं, जागृति फाउंडेशन के महासचिव रामयश मिश्र ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से एक बार फिर अपील की कि वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के नाम पर विशेष ट्रेन का संचालन कराया जाए।
दो दिवसीय समारोह के पहले दिन आयोजित दीपदान कार्यक्रम के माध्यम से काशीवासियों ने अपनी वीर बेटी के शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

