विट्ठलेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा के साथ मनाया गया महंत राजू दास महाराज का जन्मोत्सव
मीरजापुर, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में सीखड़ विकासखंड क्षेत्र के विट्ठलपुर स्थित विट्ठलेश्वर महादेव मंदिर में रविवार काे हनुमानगढ़ी के महंत श्री श्री 1008 राजू दास महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राम दरबार के भव्य श्रृंगार एवं पूजन-अर्चन से हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर जय श्रीराम और बजरंग बली की जय के जयघोष से गूंजता रहा। भक्तों ने भगवान श्रीराम और हनुमान जी से महंत राजू दास महाराज के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सनातन धर्म की सेवा के लिए निरंतर ऊर्जा प्रदान करने की प्रार्थना की। वक्ताओं ने कहा कि महंत राजू दास महाराज सनातन संस्कृति और राष्ट्र चेतना के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन से समाज में धार्मिक जागरूकता और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा मिल रहा है।
बड़ी संख्या में जुटे श्रद्धालु
कार्यक्रम में हिंदू सुरक्षा सेवा संघ सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी अयोध्या के मुख्य आयोजक अनुराग पाठक, काशी प्रांत के क्षेत्रीय प्रभारी महेंद्र कुमार पाठक, जिला प्रभारी राजीव कुमार सिंह 'मोनू सिंह', उपाध्यक्ष प्रभात मिश्र, जिला मंत्री अनुराग मिश्र, शिक्षक संभाग अध्यक्ष नील कमल मिश्र, रतन पांडेय, मुकेश पाठक, मनोज पांडेय एडवोकेट, समीर पाठक, दुर्गेशमणि पाठक, गौतम पाठक, भास्कर पांडेय, देवेंद्र उपाध्याय, कमलेश पाठक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं हनुमान भक्त उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

