महाअष्टमी-नवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
महाअष्टमी-नवमी पर उमड़ा आस्था का सैलाब


मीरजापुर, 27 मार्च (हि.स.)। चुनार क्षेत्र के अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता धाम में महाअष्टमी और नवमी तिथि पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गुरुवार रात से शुक्रवार तक धाम परिसर में लाखों श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा। रात्रि श्रृंगार आरती के दर्शन के लिए श्रद्धालु पूरी रात कतारों में डटे रहे।

बताया जाता है कि इस दौरान करीब चार लाख श्रद्धालुओं ने मां गौरी व मां सिद्धिधात्री स्वरूप का दर्शन-पूजन कर मनोकामनाएं मांगीं। भीड़ के चलते मंदिर का कपाट केवल रात 12 से 1 बजे तक एक घंटे के लिए बंद किया गया, बाकी समय दर्शन-पूजन लगातार चलता रहा।

श्रद्धालु नारियल, चुनरी, पुड़ी-हलवा, पुआ व फल-फूल लेकर जयकारे लगाते हुए गर्भगृह तक पहुंचे और मां को भोग अर्पित किया। मान्यता के अनुसार भक्तों ने संतान सुख व समृद्धि की कामना की। पूरे मंदिर परिसर और आसपास की गलियां जय माता दी के जयघोष से गूंजती रहीं। भीषण भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस व प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं पुजारियों ने भी लगातार श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने में अहम भूमिका निभाई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत बड़ी संख्या में पुलिस व पीएसी बल तैनात रहा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story