गंगा धाम तिगरी मेले में मुरादाबाद के जादूगर जुगनू के मायाजाल ने रचा इतिहास
- सांस्कृतिक विभाग सांस्कृतिक निदेशालय उत्तर प्रदेश ने कराया जादुई शाे
मुरादाबाद,24 नवंबर(हि.स.)। सांस्कृतिक विभाग सांस्कृतिक निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ ने अमरोहा के गंगा धाम तिगरी मेला 2026 में मंगलवार काे गंगा स्नान पर मुरादाबाद के जादूगर जुगनू का रंगीन मायाजाल आकर्षण का केंद्र रहा। मेले का प्रमुख आकर्षण सुप्रसिद्ध जादूगर जुगनू एवं उनकी टीम की ओर से प्रस्तुत भव्य जादुई कार्यक्रम रहा। कार्यक्रम को देखने के लिए 25 हजार से अधिक दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एमएलसी हरि सिंह ढिल्लो, मुरादाबाद मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह, अमरोहा के जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व अन्य जनप्रतिनिधि और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
जादूगर जुगनू और उनकी टीम ने एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज जादुई प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मां पतित पावनी गंगा की महिमा को जादू के माध्यम से भव्य एवं मनमोहक दृश्य के रूप में प्रस्तुत करना रहा। इस प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं और दर्शकों को भावविभोर कर दिया। जादूगर अंकुश गुप्ता ने अपने अनेक हैरतअंगेज जादुई करतबों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। दूसरी ओर जादूगर अनुभव गुप्ता ने बिना किसी बाहरी सहारे के अपने शरीर से छड़ें निकालने जैसी अनोखी प्रस्तुति तथा मेलोडी मैजिक के माध्यम से दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया।
इस भव्य आयोजन में जादूगर जुगनू के साथ अनुभव गुप्ता, अंकुश गुप्ता, जादूगर शिवा, संजीव शर्मा, मोहम्मद हाशिम, मुन्ना कलाकार, कुमारी भूमि जोशी, कुमारी कनक सक्सेना, कुमारी पाखी जोशी, विजय कुमार, कॉल साहब, किरण, मिताली सहित टीम के अनेक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

