लखनऊ एक्सप्रेस वे पर पलटी डबल डेकर बस, मासूम की मौत, 10 घायल

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ एक्सप्रेस वे पर पलटी डबल डेकर बस, मासूम की मौत, 10 घायल


फिरोजाबाद, 04 फ़रवरी (हि.स.)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार को दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक मासूम की मौत हो गयी। जबकि 10 यात्री घायल हुए है। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर थाना नसीरपुर क्षेत्र में किमी संख्या 54-55 के बीच हुआ। जहां एक डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा होते ही चीख पुकार मच गई। सूचना पर यूपी-112 पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। बस में करीब 45 यात्री सवार थे। दुर्घटना में करीब 10 यात्रियों को सामान्य चोटें आईं है। जबकि एक तीन माह के मासूम बालक शुभ की मौत हुई है। वह अपने माता-पिता के साथ यात्रा कर रहा था। बताया जा रहा है कि शुभ अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वहीं पुलिस ने सभी घायलों को एम्बुलेंस के द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिकोहाबाद भेजा। जहां उनका उपचार किया गया। प्रारम्भिक जांच में सामने आया है कि चालक को नींद की झपकी आने से बस अचानक अनियंत्रित हो गई और पलट गई। पुलिस ने बस को सड़क किनारे हटवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

घायलों में बस्ती निवासी कृष्णा यादव (28), बबीता यादव (27), अनीता यादव (45), गोरखपुर निवासी अरुण कुमार (22), संजय मौर्या (48), राजस्थान निवासी कंचन गुप्ता (30), दिल्ली निवासी जय प्रकाश (53), सुरुति दुबे (17), अमरनाथ (45) और रामजग (60) शामिल हैं। इंस्पेक्टर थाना नसीरपुर ज्ञानेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि हादसे में करीब 10 लोग घायल हुए हैं। जबकि बच्चे की मौत हुई है। विधिक कार्यवाही की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story