लखनऊ एक्सप्रेस वे पर डंपर से टकराई बस में लगी आग, चालक की मौत, 15 यात्री घायल
फिरोजाबाद, 22 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना मटसेना क्षेत्र अन्तर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर बृहस्पतिवार देर रात्रि कानपुर से गुड़गांव जा रही एक डबल डेकर प्राइवेट बस दुर्घटनाग्रस्त बालू से लदे डंपर में पीछे से जा घुसी। जिससे बस में आग लग गई। इस हादसे में बस चालक की मौत हो गई। जबकि लगभग 15 यात्री घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके पर पहुंची फायर टीम ने आग पर काबू पाया।
एक डबल डेकर प्राइवेट बस सवारियों को लेकर कानपुर से गुड़गांव जा रही थी। बस में लगभग 40 से अधिक सवारियां सफर कर रही थीं। बस जैसे ही देर रात्रि में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर नसीरपुर थाना क्षेत्र से आगे बढ़ी। तभी बस के आगे चल रहा बालू से लदा डंपर अचानक मटसेना क्षेत्र के किमी संख्या 46 पर अनियंत्रित हो गया। जोकि मध्य डिवाइडर से टकराकर पलट गया। इसी बीच पीछे से तेज गति से आ रही सवारियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त हुए इस डंपर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में आग लग गई। यह देख सावरिया में अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलने पर यूपीडा तथा नसीरपुर एवं मटसेना पुलिस मौके पहुंची।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद, सीओ तेजस त्रिपाठी भी मौके पर आ गए। जिन्होंने बस में फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना पर तत्काल फायर ब्रिगेड की कई गड़िया मौके पर पहुंची। जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में बस चालक शंभू बढ़ई निवासी कानपुर की मृत्यु हुई है। वही पुलिस ने घायलों को सैफई व फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज भेजा है। घायलों में नीलम (20) निवासी काकामई, अजीतमल जनपद ओरैया, रंगोली देवी (30) कानपुर देहात, शिवम (23) निवासी कानपुर देहात, सत्यम (35) निवासी ओरैया, सुंदरलाल (40) कंडक्टर निवासी प्रसान पोस्ट आटा जनपद जालौन, शांति देवी (45) निवासी जमोहा, ओरैया, शांति देवी का बेटा सत्यभान (16), मुकेश कुमार (40) निवासी लाल बंगला चकेरी कानपुर, आस्था (23) निवासी कानपुर नगर बिठूर, माया देवी (62) निवासी कानपुर, वेद (12), मन्नत (9) निवासीगण कानपुर, पूजा (35) निवासी साबीपुर माता जनपद उन्नाव, माया देवी (56) निवासी जूही बामरिया बारादेवी कानपुर एवं पप्पू (25) निवासी करेरा फतेहपुर आदि है।
इस सम्बन्ध में अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद का कहना है कि बालू से भरे डंपर में पीछे से बस टकराने के कारण बस में आग लगी है। हादसे में चालक की मौत हुई है। वही घायलों को अस्पताल भिजवाया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

