एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर सरकार के दावे हवा-हवाई : भाकपा

WhatsApp Channel Join Now
एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर सरकार के दावे हवा-हवाई : भाकपा


लखनऊ, 15 मार्च (हि.स.)। भाकपा (माले) ने रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर सरकार के दावे को हवा-हवाई बताया है। मंत्रियों और अधिकारियों के बयानों में एलपीजी सिलेंडर का कोई संकट नहीं है। उनके अनुसार संकट बताने वाले अफवाह फैला रहे हैं। जबकि हकीकत में सिलेंडर के लिए लंबा इंतजार, गैस एजेंसियों के सामने लंबी कतारें और आपूर्ति के अभाव में खान-पान की दुकानों का बंद हो जाना सरकारी दावे को आईना दिखा रहा है।

पार्टी के राज्य सचिव सुधाकर यादव ने रविवार को जारी बयान में कहा कि एलपीजी सिलेंडर के संकट को देख कर नोटबंदी के दिनों की याद ताजा हो गई। तब नकदी के लिए लंबी लाईनों में लगने से लोग बेहोश हो जाते थे और मौतें भी होती थीं। अब इसी तरह का नजारा एलपीजी सिलेंडर के लिए दिख रहा है। हाल ही में फर्रुखाबाद के लाल सराय इलाके में गैस एजेंसी के गोदाम पर सिलेंडर लेने की लंबी लाइन में खड़े रहने के दौरान 75 वर्षीय बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। क्या प्रदेश के बड़बोले उपमुख्यमंत्री इसे भी अफवाह कहेंगे?

माले नेता ने कहा कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर रोक लगाने में सरकार फेल है। महकमे में भ्रष्टाचार के चलते कालाबाजारी रुक नहीं रही है। यदि मंत्री और अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन करने, जनता को रसोई गैस सिलेंडर सहज उपलब्ध कराने व कालाबाजारी रोकने में असमर्थ हैं, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story