संकटों को दूर करने वाले देवता हैं हनुमान जी : रामचंद्र मिश्र

WhatsApp Channel Join Now
संकटों को दूर करने वाले देवता हैं हनुमान जी : रामचंद्र मिश्र


मीरजापुर, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के जमालपुर क्षेत्र के गौरी गांव के परायनपुर स्थित दक्षिणामुखी हनुमान मंदिर परिसर में चल रही श्रीराम कथा में मंगलवार शाम कथा व्यास रामचंद्र मिश्र ने हनुमान जी की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि हनुमान जी संकटों को दूर करने वाले देवता हैं, इसलिए उन्हें संकटमोचन कहा जाता है।

कथा व्यास ने कहा कि हनुमान जी हिंदू धर्म के प्रमुख चिरंजीवी देवताओं में से एक हैं। उन्हें बजरंगबली, पवनपुत्र, मारुतिनंदन, अंजनीसुत और संकटमोचन सहित कई नामों से जाना जाता है। हनुमान जी भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त थे। अपनी भक्ति के बल पर उन्होंने प्रभु श्रीराम का स्नेह और विश्वास प्राप्त किया। वे अद्भुत शक्ति, बुद्धि, साहस, विनम्रता और भक्ति के प्रतीक हैं।

उन्होंने बताया कि हनुमान जी ने विशाल समुद्र पार कर माता सीता का पता लगाया और लंका दहन किया। वहीं, संजीवनी बूटी लाने के लिए द्रोणाचल पर्वत उठा लाए और लक्ष्मण जी के प्राण बचाए। इस मौके पर झाकीदास, श्यामसुंदर चौबे, बबलू चौबे, केशरी नंदन चतुर्वेदी, सोनू चौबे, मनोज सिंह, मुन्ना चौबे, अवधेश चौबे और रामशरण सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772037 Articles

Share this story