अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत


मीरजापुर, 31 मई (हि.स.)। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर रविवार काे जनपद मीरजापुर के चुनार नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। अहिल्याबाई होल्कर समिति के तत्वावधान में आयोजित इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।

शोभायात्रा टेकौर स्थित बूढ़ेनाथ मंदिर से प्रारंभ होकर टेकौर फव्वारा तिराहा, भरपुर, लालदरवाजा एवं बैंक मार्ग से होते हुए तहसील परिसर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु और समाज के लोग अहिल्याबाई होल्कर के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। लाल दरवाजा पहुंचने पर नगरवासियों ने शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। वहीं चुनार की हमारी जिम्मेदारी कमेटी के मोहम्मद अख्तर, जफर खान, जावेद और नूर आलम सहित अन्य सदस्यों ने श्रद्धालुओं को सरबत वितरित किया। नगर पालिका अध्यक्ष मंसूर अहमद ने भी शोभायात्रा समिति का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

तहसील परिसर में आयोजित सभा में वक्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, उनके सामाजिक योगदान, धार्मिक कार्यों और जनकल्याणकारी नीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जीवन सेवा, न्याय और लोककल्याण की प्रेरणा देता है तथा उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सुनील सिंह पटेल, चन्द्रशेखर पाल, रामवृक्ष पाल, अशोक पाल, अजय पाल, रामकेश पाल, सुरेश पाल, जिला सहकारी बैंक सोनभद्र-मीरजापुर के चेयरमैन विजय वर्मा, सभासद विक्की यादव, सभासद रामलाल कन्नौजिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story