विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब दलित समाज सशक्त होगा : धीरेन्द्र सिन्हा

WhatsApp Channel Join Now
विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब दलित समाज सशक्त होगा : धीरेन्द्र सिन्हा


प्रयागराज, 30 अप्रैल (हि.स.)। विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब दलित समाज को शिक्षा, रोजगार, सम्मान और बराबरी का अधिकार मिलेगा।” यह बातें गुरुवार को प्रयागराज के सिविल लाइन स्थित एक होटल में मीडिया से वार्ता करते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी धीरेन्द्र सिन्हा उर्फ धीरेन्द्र मुन्ना ने कहीं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की बात की जा रही है, लेकिन जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास नहीं पहुंचेगा, तब तक यह लक्ष्य अधूरा रहेगा। दलित समाज के समग्र उत्थान के बिना विकसित भारत की कल्पना पूरी नहीं हो सकती।

धीरेन्द्र सिन्हा ने कहा कि दलित समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सम्मान और आर्थिक आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में मजबूत बनाना समय की जरूरत है। उन्होंने सरकार से मांग की कि दलितों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी तरीके से लागू किया जाए, ताकि वास्तविक लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी सदैव सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाती रही है। पार्टी का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना है।

प्रेस वार्ता का आयोजन पार्टी के प्रधान महासचिव देवेंद्र तिवारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुगौली विधायक राजेश कुमार गुप्ता उर्फ बल्लू गुप्ता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि दलित उत्थान ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है और सामाजिक समरसता से ही देश आगे बढ़ सकता है।

इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब समाज के हर वर्ग, विशेषकर दलित समुदाय, को बराबरी का हक और अवसर मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story