तीन जिलों के 18 केंद्रों पर एलएलबी सेमेस्टर परीक्षा शुरू

WhatsApp Channel Join Now
तीन जिलों के 18 केंद्रों पर एलएलबी सेमेस्टर परीक्षा शुरू


मीरजापुर, 22 फ़रवरी (हि.स.)। मां विन्ध्यवासिनी विश्वविद्यालय द्वारा संचालित एलएलबी (विधि) पाठ्यक्रम की सेमेस्टर परीक्षाएं रविवार से तीन जनपदों के 18 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण व नकलविहीन वातावरण में प्रारंभ हो गईं। मीरजापुर, सोनभद्र एवं भदोही में बनाए गए केंद्रों पर प्रथम दिन बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने अनुशासित माहौल में परीक्षा दी।

परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रत्येक केंद्र पर पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं, जो परीक्षा व्यवस्था पर सतत निगरानी रखे हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखते हुए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी भी सुनिश्चित की गई है। जिन केंद्रों पर कैमरे सुचारु नहीं पाए गए, उन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। साथ ही भविष्य में लापरवाही बरतने वाले केंद्रों को परीक्षा केंद्र न बनाए जाने की चेतावनी भी दी गई।

इसी क्रम में कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने साईं लॉ कॉलेज, ज्ञानंदा लॉ कॉलेज एवं मथुरा लॉ कॉलेज का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वित्त अधिकारी गिरीश कुमार व कुलसचिव रामनारायन भी मौजूद रहे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा और अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story