पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर विहिप-बजरंग दल कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, एसीपी को सौंपा ज्ञापन
लखनऊ, 28 सितंबर (हि.स.)। पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने ठाकुरगंज, दुबग्गा और हसनगंज थाना क्षेत्रों से जुड़े मामलों में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। बाद में पुलिस अधिकारियों के 24 घंटे में कार्रवाई के आश्वासन पर कार्यकर्ताओं ने एसीपी महानगर अंकित कुमार को ज्ञापन सौंपा और शांतिपूर्ण तरीके से लौट गए।
विहिप के संगठन मंत्री समरेंद्र प्रताप ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन को कई बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद मामलों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि तीन दिन पहले भी ज्ञापन दिया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने आरोप लगाया कि ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में एक बजरंग दल कार्यकर्ता पर हमला किया गया और गोली भी चलाई गई, लेकिन आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई। इसी तरह दुबग्गा थाना क्षेत्र में एक हिंदू युवती के अपहरण का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस अब तक युवती को बरामद नहीं कर सकी है, जिससे परिवार परेशान है।
विहिप नेता ने हसनगंज थाना क्षेत्र की एक घटना का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, संगठन के कार्य से विश्वविद्यालय गए एक कार्यकर्ता को करीब 50 लोगों ने घेर लिया और धमकी दी। आरोप है कि इस दौरान कट्टा और पिस्टल दिखाकर डराया गया, लेकिन अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने इन मामलों में तत्काल मुकदमा दर्ज करने, आरोपितों की गिरफ्तारी और पीड़ितों को सुरक्षा देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो दो दिन बाद फिर पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों की ओर से 24 घंटे के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने एसीपी महानगर अंकित कुमार को ज्ञापन सौंपा और प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के विभाग सह संयोजक अधिवक्ता अमरेंद्र सिंह, जिला संगठन मंत्री लखनऊ पूरब अभिजीत, जिला उपाध्यक्ष अमित तिलहरी, सहमंत्री आशुतोष, गोरक्षा प्रमुख दीपक साहू, जिला सह संयोजक जितेंद्र राजपूत व अनुज शर्मा समेत गणेश पवार, प्रतीक श्रीवास्तव, लक्की गौतम, सूरज कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

