जनभवन में विधि विधान से रुद्राभिषेक संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
जनभवन में विधि विधान से रुद्राभिषेक संपन्न


लखनऊ, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से रविवार को जन भवन में रुद्राभिषेक का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ। राज्यपाल ने रुद्राभिषेक में सहभागिता करते हुए भगवान शिव का विधिवत पूजन एवं अभिषेक किया।

इस दौरान जन भवन के अधिकारियों, कर्मचारियों व उनके परिजनों ने सामूहिक रूप से मंत्रोच्चारण, पूजन एवं आरती में सहभागिता की।

पूजन संपन्न होने के पश्चात राज्यपाल ने भ्रमण करते हुए रुद्राभिषेक में सम्मिलित प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी व उनके परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की। उन्होंने सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनके घर-परिवार का कुशलक्षेम जाना तथा उनके सुख-स्वास्थ्य की जानकारी ली। राज्यपाल द्वारा आत्मीयता से किए गए संवाद से अधिकारी-कर्मचारी भावुक एवं प्रसन्न नजर आए।

उल्लेखनीय है कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से जन भवन में रुद्राभिषेक की परंपरा विगत कई वर्षों से चली आ रही है। इसमें जन भवन के अधिकारी कर्मचारी अपने परिजनों के साथ सामूहिक रूप से श्रद्धापूर्वक सहभागिता करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story