लखनऊ में कार में जिंदा जलकर युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ में कार में जिंदा जलकर युवक की मौत


-एक अन्य घटना में कार में मिली युवक की लाश

लखनऊ, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र में एक युवक की कार में जिंदा जलकर मौत हो गई है। वहीं, आशियाना थाना क्षेत्र में एक युवक का शव कार में मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एसीपी विकास पाण्डेय ने बताया कि बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र स्थित लखनऊ-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-24 पर सरैया बाजार स्थित वीरेंद्र धर्मकांटा के पास मारूति कार (यूपी 32 सीएस 0626) में अचानक आग लग गई। सूचना पाकर पुलिस और फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची तो कार पूरी तरह जल रही थी। आग बुझाकर जब कार की तलाशी ली गई तो ड्राइविंग सीट पर एक व्यक्ति का पूरा जला हुआ शव मिला। फारेंसिक टीम ने मौके पर साक्ष्य एकत्र किया। कार नंबर के आधार पर पुलिस ने परिवार को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे घरवालों से पता चला है कि कार में जिस व्यक्ति की शव मिला है वह हमीदुल हक के बेटे विकासनगर खुर्रम नगर निवासी अलमास हक (32) के रुप में हुई है। एसीपी ने बताया कि कार में आग कैसे लगी है, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कार में मिला युवक का शव

आशियाना थाना क्षेत्र सालेह नगर चौराहे के पास एक कार (यूपी 33 बीबी 8989) में युवक की लाश मिली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कार पिछले तीन दिनों से खड़ी है। गुरुवार देर रात को उसमें तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को कब्जे में लेकर तलाशी ली तो उसमें एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा था। मृतक की पहचान रायबरेली निवासी ज्ञानेंद्र सिंह (33) के रूप में हुई है। लखनऊ में पवनखेड़ा में किराये के मकान में रहने वाले सतीवेंद्र सिंह ने कार में मिली लाश की पहचान अपने भाई ज्ञानेंद्र के रूप में की है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story