लखनऊ: 13वें इंडिया जीनियस अवॉर्ड समारोह में अपर्णा यादव ने प्रतिभाओं का किया उत्साहवर्धन

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ: 13वें इंडिया जीनियस अवॉर्ड समारोह में अपर्णा यादव ने प्रतिभाओं का किया उत्साहवर्धन


-अर्णव शर्मा और आद्या साहा बने ‘इंडिया जीनियस’, आद्या ने सबसे कम उम्र की जीनियस बनकर रचा इतिहास

लखनऊ, 07 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने 13वें इंडिया जीनियस अवॉर्ड समारोह-2026 में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित अवसर एवं सम्मान प्रदान करना उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ ही देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करता है।

लखनऊ स्थित होली पब्लिक स्कूल सभागार में आयोजित समारोह का शुभारंभ अपर्णा यादव ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलाे से आए 800 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया, जबकि शिक्षा जगत से जुड़े 100 से अधिक प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं विशिष्ट व्यक्तित्वों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि हरिश चंद्र श्रीवास्तव, लेफ्टिनेंट कर्नल विवेक गुप्ता एवं राहुल सेन सक्सेना ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

समारोह में बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल, हाथरस के अर्णव शर्मा तथा सुदिति ग्लोबल एकेडमी, मैनपुरी की आद्या साहा को ‘इंडिया जीनियस’ के सम्मान से नवाजा गया। कक्षा 03 की छात्रा आद्या साहा ने इंडिया जीनियस अवॉर्ड के 13 वर्षों के इतिहास में सबसे कम उम्र की ‘इंडिया जीनियस’ बनकर विशेष उपलब्धि हासिल की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 25 विद्यार्थियों को साइकिल तथा 12 विद्यार्थियों को टैबलेट प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त विजेता विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक तथा प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, प्रबंधकों एवं समन्वयकों को भी राष्ट्रीय, राज्य एवं जिला स्तर के विभिन्न सम्मान प्रदान किए गए। अवध कॉलेजिएट, लखनऊ की प्रबंध निदेशक जतिंदर वालिया को राष्ट्रीय उत्कृष्ट विद्यालय प्रशासन सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।

अपर्णा यादव ने लगातार 13 वर्षों से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मंच प्रदान करने के लिए इंडिया जीनियस अवॉर्ड की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी क्षमता पहचानने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। इंडिया जीनियस अवॉर्ड ओलंपियाड-2026 के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित श्रीवास्तव ने कहा कि संस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि 13 वर्षों की यात्रा में हजारों विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने एवं सम्मान प्राप्त करने का अवसर मिला है। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, विद्यालय प्रतिनिधियों एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा

Share this story