अवैध शराब के खिलाफ 3152 स्थानों पर हुई छापेमारी में 8418 लीटर शराब बरामद, 77 आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

लखनऊ, 11 सितंबर (हि.स.)। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रदेश में विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसके तहत आबकारी विभाग की टीमों ने प्रदेश भर में व्यापक कार्रवाई करते हुए 3152 स्थानों पर छापे मारे। इस दौरान 373 अभियोग पंजीकृत किए गए, जबकि कार्रवाई में 77 लोगों को गिरफ्तार किया गया। टीमों ने कुल 8418 लीटर अवैध शराब बरामद की।

आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह ने बताया कि विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। विभाग का फोकस केवल शराब की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध निर्माण, भंडारण, बिक्री और तस्करी की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए इनके नेटवर्क को रोकना है। 10 सितंबर की कार्रवाई में 3152 छापे और 373 अभियोग दर्ज हुए। विभाग की टीमें आगे भी अभियान को जारी रखते हुए अवैध शराब से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई पर जोर दे रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story