आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो वृद्ध महिलाएं झुलसीं, 10 बकरियों की मौत

WhatsApp Channel Join Now

मीरजापुर, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में अहरौरा थाना क्षेत्र के हिनौता ग्राम पंचायत स्थित बंजारी कला पहाड़ी पर सोमवार दोपहर बाद आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। बकरी चराने गई दो वृद्ध महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गईं, जबकि 10 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई।

हिनौता गांव निवासी मुन्नी देवी (63) पत्नी सुदामा प्रसाद बिंद और मुन्नी पाल (60) पत्नी बाबूलाल पाल जंगल क्षेत्र में बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ पास में आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर दोनों महिलाएं झुलस गईं। घटना के बाद आस-पास मौजूद चरवाहों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें अन्यत्र इलाज के लिए ले गए। बिजली गिरने से आस पास चर रही 10 बकरियां भी झुलस गईं। बकरियां मौके पर ही मौत हो गई। इससे पशुपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। थानाध्यक्ष अजय कुमार मिश्र ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story