आकाशीय बिजली से खेत में काम कर रहे वृद्ध किसान की मौत
मीरजापुर, 20 मार्च (हि.स.)। पड़री थाना क्षेत्र के चांदलेवा (छप्पन) गांव में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से 72 वर्षीय किसान की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
गांव निवासी हरिशंकर उर्फ ढकेलू अपने खेत में चना काटकर रखे थे। आधी-पानी के चलते फसल भीग न जाए, इस कारण वह उसे बोरे में भरकर सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए खेत पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें पड़री प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा राहत कोष के तहत मुआवजा देने की मांग की है। सूचना पर पहुंची पड़री पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

