मीरजापुर : स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन से रीवा-वाराणसी हाईवे पर लगी वाहनों की कतार

WhatsApp Channel Join Now
मीरजापुर : स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन से रीवा-वाराणसी हाईवे पर लगी वाहनों की कतार


- बसही गांव के सामने ट्रक चालकों ने खड़े किए वाहन, पुलिस ने संभाली व्यवस्था

मीरजापुर, 12 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश ड्राइवर महासंगठन ने ट्रक चालकों की सुरक्षा और दुर्घटना या विवाद के मामलों में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर गुरुवार को रीवा-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसही गांव के सामने स्टीयरिंग छोड़ो आंदोलन शुरू किया। आंदोलन के समर्थन में चालकों ने कुछ समय के लिए सड़क पर ट्रक खड़े कर दिए। इससे हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई और आवागमन प्रभावित हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

महासंगठन की ओर से हाईवे किनारे टेंट लगाकर शिविर बनाया गया है। संगठन के पदाधिकारी और सदस्य अपनी मांगों को लेकर शिविर में बैठे हैं। चालकों का कहना है कि वाहन संचालन के दौरान उन्हें सुरक्षा मिलनी चाहिए। किसी दुर्घटना या विवाद के मामले में बिना जांच के उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। यदि चालक की गलती नहीं है तो उसे दंडित नहीं किया जाना चाहिए।

आंदोलन में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, नागपुर और कोलकाता समेत विभिन्न क्षेत्रों के ट्रक चालक शामिल हुए। संगठन के पदाधिकारी चालकों को एकजुट कर आंदोलन में भागीदारी के लिए प्रेरित कर रहे हैं। शिविर में संगठन के कोषाध्यक्ष अशोक कुमार मौर्य, जिला संचालक रामकुमार गुप्ता, अमरेश कुमार पाल, जितेंद्र कुमार, बाबुंदर पाल, रमेश कुमार मौर्य, मेराज खान और हीरालाल पाल समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय के निर्देश पर उपनिरीक्षक सर्वानंद, बजरंगबली चौबे, रामजन्म और रमाशंकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाया, जिसके बाद हाईवे पर दोनों तरफ यातायात सामान्य हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775826 Articles

Share this story