अधिवक्ता की हत्या के विराेध में वकीलों ने एसपी कार्यालय घेरा, न्यायिक कार्य ठप

WhatsApp Channel Join Now
अधिवक्ता की हत्या के विराेध में वकीलों ने एसपी कार्यालय घेरा, न्यायिक कार्य ठप


जौनपुर ,17 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को एक अधिवक्ता की पीट-पीटकर हत्या के विरोध में वकीलों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

कलेक्ट्रेट अधिवक्ता समिति के महामंत्री मनोज मिश्रा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने घटना के विरोध में न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया, जिससे अदालतों का कामकाज प्रभावित रहा।

समिति के अध्यक्ष घनश्याम सिंह ने इस हत्याकांड के लिए पुलिस की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने बताया कि अधिवक्ता ने कुछ दिन पूर्व अपनी जान को खतरा बताते हुए एसपी से शिकायत की थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उन्हें लगातार धमकियां मिलती रहीं, जिसे नजरअंदाज किया गया।

अधिवक्ताओं ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं, जिसमें मृतक के परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, केराकत थानाध्यक्ष को तत्काल निलंबित करने और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग प्रमुख है। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया और अधिवक्ताओं को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story