वाराणसी लॉन एसोसिएशन ने प्राधिकरण उपाध्यक्ष के सामने रखी अपनी मांगें, शासन भेजी जाएगी फाइल

WhatsApp Channel Join Now
वाराणसी लॉन एसोसिएशन ने प्राधिकरण उपाध्यक्ष के सामने रखी अपनी मांगें, शासन भेजी जाएगी फाइल


वाराणसी, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी विकास प्राधिकरण में मंगलवार को वाराणसी लॉन एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्यों ने प्राधिकरण उपाध्यक्ष के सामने अपनी मांगों को रखा। सदस्यों ने कहा कि लॉन को लेकर प्राधिकरण ने इतने सख्त कानून बना दिए हैं, जो लॉन मालिकों को पूरा कर पाना मुश्किल है। पहले से वाराणसी में चल रहे लॉन को नए नियम कानून से बाहर रखते हुए थोड़ी राहत दी जानी चाहिए।

इस संबंध में वाराणसी विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने कहा कि लॉन मालिकों की मांगों को सुनने के बाद अभी कुछ कह पाना मुश्किल है। आने वाले समय में मांग पत्र और प्राधिकरण अपनी बातों को शासन भेजेगा। शासन स्तर से ही कोई निर्णय हो पाना संभव है। क्योंकि लॉन को लेकर बनाए गए सभी नियम कानून को हर एक लॉन मालिक को मानना आवश्यक है।

वाराणसी के प्रमुख व्यापारी नेता अजीत बग्गा ने कहा कि वाराणसी के लॉन मालिकों के लिए बेहद कठिन समय है। वाराणसी विकास प्राधिकरण में पहले सचिव और बाद में उपाध्यक्ष से वार्ता हुई है। निश्चित ही कोई हल निकलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद

Share this story