दंगल में आधे घंटे की भिड़ंत के बाद लाठीदास ने मारी बाजी, 51 हजार का इनाम जीता

WhatsApp Channel Join Now
दंगल में आधे घंटे की भिड़ंत के बाद लाठीदास ने मारी बाजी, 51 हजार का इनाम जीता


मीरजापुर, 09 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के जिगना क्षेत्र के अकोढ़ी गांव स्थित गौरीशंकर मंदिर परिसर बुधवार को पहलवानों की जोरदार भिड़ंत से गूंज उठा। अंतर प्रांतीय कुश्ती दंगल की निर्णायक बाजी में अयोध्या के हनुमानगढ़ी से आए लाठीदास पहलवान ने पंजाब के सोमवीर को करीब आधे घंटे चले रोमांचक मुकाबले में धोबीपाट दांव से चित कर दिया। जीत के साथ उन्होंने 51 हजार रुपये का पुरस्कार अपने नाम किया।

दंगल में पंजाब, हरियाणा और राजस्थान से पहुंचे पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दांव-पेंच दिखाए। अखाड़े में पहलवानों की ताकत और फुर्ती देखकर दर्शक उत्साह से तालियां बजाते रहे। स्थानीय पहलवानों ने भी दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों की उम्मीदें बढ़ा दीं। सबसे अधिक इनामी कुश्ती के लिए नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने पहलवानों का हाथ मिलाकर मुकाबले की शुरुआत कराई। जिले के चीनी पहलवान ने पंजाब के जग्गा और अनिल पहलवान ने वाराणसी के लक्कड़ को हराया।

दंगल का संचालन रवि प्रकाश सिंह ने किया। समिति अध्यक्ष डॉ. आनंद शुक्ला ने विजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया। निर्णायक की भूमिका तीर्थराज सिंह, उपेंद्र सिंह, दिलीप सिंह और अमित शुक्ला ने निभाई। अतिथियों का अंगवस्त्र भेंटकर सम्मान किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story