लखीमपुर खीरी शहर में उल्ल नदी की सफाई के साथ पर्यटन के लिए सजेगा सेठ घाट
जिलाधिकारी -विधायक ने किया स्थलीय निरीक्षण, पर्यटन विकास को लेकर बनी रूपरेखा
नालों के पानी को रोकने को एसटीपी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नए घाट निर्माण पर जोर
लखीमपुर खीरी, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी शहर के प्रमुख आस्था स्थल सेठघाट को पर्यटन के नक्शे पर मजबूती से स्थापित करने की कवायद तेज हो गई है। सोमवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और सदर विधायक योगेश वर्मा ने अफसरों की टीम के साथ सेठघाट का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों की रूपरेखा तय की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उल्ल नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर शहर के नाले नदी में गिर रहे हैं, वहां सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र शासन को भेजा जाए। साथ ही, श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नदी किनारे आवश्यकतानुसार नए घाटों के निर्माण का प्रस्ताव भी सिंचाई महकमें को तैयार करने को कहा।
विधायक योगेश वर्मा ने सेठघाट पर अब तक पर्यटन विभाग और अपनी विधायक निधि से कराए गए विकास कार्यों की जानकारी डीएम को दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन के सहयोग से सेठघाट को एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इस पर डीएम ने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों को गति देने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। इस दौरान परियाेजना निदेशक डीआरडीए एसएन चौरसिया, तहसीलदार (सदर) मुकेश कुमार वर्मा, ईओ संजय कुमार, अधिशासी अभियंता (बाढ़ खंड) ई. अजय कुमार, अवर अभियंता नगर पालिका परवीन, एडीओ पंचायत सहित बड़ी संख्या में अधिकारी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

