मुख्यमंत्री योगी के लखीमपुर खीरी के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, तैयारियां तेज
लखीमपुर खीरी, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद लखीमपुर खीरी के कस्ता विधानसभा क्षेत्र में मितौली स्थित नवीन तहसील परिसर के निकट 21 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मितौली पहुंच कर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग और जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। इस दौरान पूर्व सांसद जुगल किशोर, कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में उप जिलाधिकारी मितौली मधुसूदन गुप्ता, तहसीलदार दिनेश कुमार, डीसी मनरेगा/खंड विकास अधिकारी अमित परिहार, पुलिस उपाधीक्षक यदुवेंद्र यादव और कोतवाल महेश पाठक भी मौके पर उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

