पिकनिक पर गए मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
पिकनिक पर गए मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस


मीरजापुर, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में हलिया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की बुधवार को पिकनिक के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बरी गांव निवासी छबिनाथ उर्फ दाता कोल (46) बुधवार को गांव के कुछ लोगों के साथ हलिया पहाड़ी स्थित नदौलवा नाला पर पिकनिक मनाने गया था। देर शाम हलिया-ददरी मुख्य मार्ग पर पहाड़ी कोल बस्ती के आगे उसका शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तो परिवार में चीख-पुकार मच गई।

मृतक मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने पीछे दो पुत्र, चार पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है। वह छह भाइयों में सबसे छोटा था। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और मौत के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

सूचना पर पहुंची हलिया थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story