वाहन की टक्कर से घर जा रहे मजदूर की मौत
देवरिया, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सुरौली थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक सड़क हादसे में मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर गुरुवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई की।
थानेदार राकेश राय ने बताया कि मृतक की पहचान अर्जुन यादव (35) पुत्र छठू यादव निवासी पैकोली के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि जांच में पता चला है कि मृतक पल्लेदारी (मजदूरी) का काम करता था। रोज की तरह बीती शाम बुधवार को काम खत्म कर वह घर लौट रहा था। रस्ते में पैकोली चौराहे के पास पहुंचने पर उसे एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत 108 की मदद से मेडिकल कॉलेज देवरिया पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
थानेदार ने बताया कि मृतक की पत्नी सुनीता देवी और पांच बच्चे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

