सपा प्रमुख के कहने से न भागवत रुकेगी, न बंद होंगी कथाएं : डॉ बबीता सिंह चौहान
कौशांबी, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान बुधवार को कौशांबी जनपद पहुंचीं। उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इसके बाद गोदभराई, अन्नप्राशन और कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्होंने विकास भवन स्थित सरस हाल में जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत की।
इस दौरान कुंडा में आयोजित रामकथा को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर उन्होंने पलटवार किया। डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि कथा और भागवत भारतीय संस्कृति और संस्कारों का हिस्सा हैं। इनके माध्यम से बच्चों में अच्छे संस्कार और नई ऊर्जा का संचार होता है। लोगों को अपने धर्म और संस्कृति को समझने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में कथाओं और भागवत की परंपरा सदियों पुरानी है। आज उत्तर प्रदेश में ही 100 से 200 स्थानों पर कथाएं हो रही होंगी। ऐसे में केवल कुंडा को ही निशाना क्यों बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख कुछ भी कहें, इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। न भागवत रुकेगी और न ही कथाएं बंद होंगी।
महिला सुरक्षा को लेकर अखिलेश यादव के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख को वर्ष 2017 से पहले की स्थिति देखनी चाहिए। आज महिलाओं में इतनी हिम्मत आई है कि वे अपनी शिकायत लेकर थाने और महिला आयोग तक पहुंच रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या 2017 से पहले महिलाएं इतनी स्वतंत्रता से अपनी शिकायत दर्ज करा पाती थीं? उस समय महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचारों की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। इसके लिए प्रत्यक्ष को प्रमाण की जरूरत नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

