15 जुलाई तक पूरा होगा गांधी भवन में ई-डिजिटल लाइब्रेरी का कार्य : नगर आयुक्त

WhatsApp Channel Join Now
15 जुलाई तक पूरा होगा गांधी भवन में ई-डिजिटल लाइब्रेरी का कार्य : नगर आयुक्त


कानपुर, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के फूलबाग स्थित गांधी भवन में ई-डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना का कार्य 15 जुलाई तक पूरा किया जाएगा। परियोजना के तहत लाइब्रेरी के साथ आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं और कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी।

यह बातें मंगलवार नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने जायजा लेने के दौरान कहीं। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने मंगलवार काे कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के तहत मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत जोन-1 स्थित फूलबाग के गांधी भवन में प्रस्तावित ई-डिजिटल लाइब्रेरी परियोजना का जायजा लिया। इस दौरान मुख्य अभियंता जैदी, अधिशासी अभियंता आर.के. सिंह, स्मार्ट सिटी की उपासना तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि 8.06 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत वाली परियोजना में 2.14 करोड़ रुपये के सिविल कार्य शामिल हैं। लाइब्रेरी के लिए 18,500 पुस्तकों की कैटलॉगिंग का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि उपलब्ध पुस्तकों के 10 लाख पृष्ठों का डिजिटाइजेशन भी पूर्ण कर लिया गया है।

नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि उपकरणों और फर्नीचर की गुणवत्ता की जांच 5 जून को कराई जाए तथा उनके चयन के लिए 8 जून को समिति की बैठक आयोजित की जाए। उन्होंने गांधी भवन के संरक्षण एवं मरम्मत कार्य के साथ यहां कानपुर के इतिहास को दर्शाने वाली आर्ट गैलरी, प्रदर्शनी हॉल, कैफेटेरिया, प्ले एरिया और ऑडियो-विजुअल सुविधाएं विकसित करने के निर्देश भी दिए।

परियोजना के तहत पूर्व प्रस्तावित लेआउट में संशोधन करते हुए भूतल पर लैंग्वेज लैब और सीनियर सिटीजन लैब तथा प्रथम तल पर डिजिटल लाइब्रेरी, सर्वर रूम, बच्चों की लाइब्रेरी, रिक्रिएशन एरिया और रिसेप्शन विकसित किए जाने का निर्णय लिया गया है। नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि इंटीरियर, एसी, पेंटिंग, फर्नीचर और फर्श से जुड़े सभी कार्य 15 जुलाई तक पूर्ण किए जाएं। साथ ही स्मार्ट सिटी अधिकारियों को स्थल का चिन्हांकन कर स्टार्टअप संस्थाओं से सुझाव प्राप्त करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश भी दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story